नेतरहाट में इंडिया इंटरनेशनल फोक फेस्टिवल का आयोजन, कजाखिस्तान के 12 कलाकारों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, कज़ाखस्तान के विश्व-प्रसिद्ध 12 सदस्यीय ऑल-गर्ल्स तुमार डांस ग्रुप द्वारा 2 अक्टूबर को नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्रेक्षागृह में साँस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति गई. यह कार्यक्रम झारखंड सरकार एवं भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR), भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में इंडिया इंटरनेशनल फोक फेस्टिवल के अंतर्गत आयोजित किया गया.
2018 में स्थापित तुमार नृत्य समूह ने कज़ाख लोक परंपराओं और आधुनिक नृत्य शैलियों के अनोखे संगम के लिए वैश्विक पहचान बनाई है. इस समूह को यूरोप और एशिया के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय महोत्सवों में सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुए हैं. इस अवसर पर झारखंड सरकार के संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम एवं नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्राचार्य तथा अन्य उपस्थित गणमान्य द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया.
अपने संबोधन में निदेशक संस्कृति ,आसिफ़ एकराम द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम झारखंड की जनता को एक समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेगा और भारत तथा कज़ाखस्तान के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाएगा. झारखंड सरकार का संस्कृति विभाग राज्य में ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन लाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि हमारे नागरिक, विशेषकर युवा वर्ग, विभिन्न वैश्विक परंपराओं से परिचित हो सकें. यह पहल झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को और समृद्ध करेगी तथा उसे अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक परिदृश्य पर और सशक्त बनाएगी.
झारखंड में इनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को मध्य एशियाई कला और नृत्य की अनोखी झलक प्रदान की है और भविष्य में भी झारखंड सरकार सांस्कृतिक उत्कृष्टता तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगी.