धोनी की बेटी के साथ एड फिल्म दिलाने के नाम पर ठगी, बच्ची को विज्ञापन में लेने के लिए मां-बाप से लाखों रुपये ऐंठे
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम में एक दंपति से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है. एक महिला ने बच्चों को विज्ञापन में लेने के नाम पर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया. पीड़ित दंपति की शिकायत पर साइबर क्राइम यूनिट ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला? साइबर क्राइम यूनिट ईस्ट को दी शिकायत में गुरुग्राम के सेक्टर-107, एमथ्रीएम वुडशायर सोसाइटी में रहने वाले प्रीतम घोष ने बताया कि बीते दिनों वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एंबिएंस मॉल गए थे. जाम बार रेस्टोरेंट के बाहर उनकी मुलाकात एक अनजान युवती से हुई, जिसने अपना नाम अंजली बताया. युवती ने खुद को किड्स इंडिया एजेंसी के लिए काम करने वाली बताया और कहा कि वह टीवी एड शूटिंग के लिए बच्चों की तलाश कर रही है. अंजली की नजर प्रीतम की छह साल की बेटी प्रतीक्षा पर पड़ी. युवती ने बच्ची को टीवी एड शूटिंग में लेने की बात कही और प्रीतम की पत्नी इशिका घोष का फोन नंबर ले लिया.
ऐसे शुरू हुई ठगी उसी रात करीब साढ़े 11 बजे, अंजली ने इशिका को मैसेज किया और उनके घर के वीडियो व बच्ची के फोटो मांगे. थोड़ी देर बाद युवती ने बच्ची के टीवी एड में सिलेक्ट होने की जानकारी दी और 32 हजार रुपये भेजने के लिए कहा. युवती ने बताया कि यह राशि फोटोग्राफर की फीस है, जो बेटी का पोर्टफोलियो एलबम बनाएगा. प्रीतम ने ये रुपये अपने क्रेडिट कार्ड से भेज दिए.
धोनी की बेटी के नाम पर दूसरी बार मांगे पैसे शिकायत में प्रीतम ने बताया कि कुछ दिन बाद अंजली ने दोबारा उन्हें कुछ और वीडियो भेजने के लिए कहा. इस बार उसने दावा किया कि उनकी बेटी ओरियो बिस्किट एड के लिए सिलेक्ट हो गई है. उसने यह भी कहा कि इस एड शूट में भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा धोनी, फिल्म अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता अल्लू अर्जुन भी काम कर रहे हैं. युवती ने बच्ची की ड्रेस और फोटो शूट के नाम पर एक लाख रुपये की डिमांड की. इस डिमांड पर प्रीतम को धोखाधड़ी का अहसास हुआ. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.