देश-विदेश

नवरात्रि पर चमकी दिहाड़ी मजदूर की किस्मत, मां दुर्गा के दर्शन करते ही बना लखपति

न्यूज़11 भारत  रांची/डेस्क:  जरा सोचिए आप सड़क पर चल रहे हों, तभी अचानक आपको एक ऐसी चीज वहां पड़ी मिल जाए जो आपको लखपति बना दे? ये बात एक ख्वाब सी लगती है, मगर मध्य प्रदेश के पन्ना में एक दिहाड़ी मजदूर के साथ सच में ही ऐसा हुआ है, जिससे वह चंद मिनटों में लखपति बन गया. यह 'चमत्कार' नवरात्रि के पावन पर्व पर हुआ. मजदूर गोविंद सिंह आदिवासी मां दुर्गा के मंदिर में पूजा-पाठ कर वापस लौट रहा था, तभी सड़क पर उसे एक चमचमाती चीज पड़ी मिली. मजदूर ने उसे उठाया. वह एक बेशकीमती हीरा था. तुरंत वह उसे लेकर हीरा कार्यालय पहुंचा. यहां जब हीरे की कीमत उसे पता चली तो वह खुशी से झूम उठा.

15 लाख रुपये से ज्यादा का है हीरा दरअसल, यह हीरा 4.04 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा है. हीरा पारखी ने जांच के बाद गोविंद को बताया कि इसकी कीमत 15 लाख रुपयों से भी ज्यादा है. मजदूर गोविंद सिंह का कहना है कि ये सब माता रानी का चमत्कार है. मामला राहुनिया गुजार गांव का है. यहां रहने वाला मजदूर गोविंद सिंह आदिवासी रोजाना की तरह सुबह दुर्गा मंदिर (खेरा माता) के दर्शन कर लौट रहा था. तभी उसकी नजर सड़क किनारे पड़े एक चमचमाते पत्थर पर पड़ी. उसने पत्थर को उठाया और घर ले आया. घरवालों ने पत्थर देखा तो बोले- ये तो हीरा लग रहा है. इसके बाद गोविंद तुरंत परिवार के लोगों के साथ हीरा कार्यालय पहुंचा और हीरा पारखी को चमचमाता पत्थर दिया. गोविंद सिंह ने बताया कि जैसे ही हीरा पारखी ने बताया कि ये हीरा 15 लाख से ज्यादा का है तो उनका पूरा परिवार खुशी से झूम उठा. गोविंद ने यह बेशकीमती हीरा, कार्यालय में जमा करा दिया है.

पहले भी मिला था मजदूर को हीरा गोविंद ने बताया कि उनके चार बेटे और चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. पूरा परिवार मजदूरी करता है, सिर्फ एक एकड़ जमीन है जिस पर सब्जी उगाते हैं. उन्होंने कहा, "माता रानी ने उसकी फरियाद सुन ली है और अब वो हीरे की नीलामी से मिलने वाले पैसे से अपना मकान बनवाएंगे और ट्रैक्टर खरीदेंगे जिससे मेहनत कर वो अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें." गोविंद ने यह भी बताया कि उन्हें पहले भी खुदाई के दौरान 2.50 कैरेट का हीरा मिल चुका है, हालांकि उसकी कीमत इतनी ज्यादा नहीं थी. 

यह भी पढ़े: सोशल मीडिया पर छाई ‘द ताज स्टोरी’, पोस्टर में दिखी ताजमहल से निकलती भगवान शिव की मूर्ति