झारखंड

जमशेदपुर में चेन छिनैती गैंग का पर्दाफाश; 26 महिलाओं सहित 33 गिरफ्तार

न्यूज़11 भारत  जमशेदपुर/डेस्क: झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस ने एक बड़े चेन छिनैती करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है. इस गिरोह के कुल 33 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें 26 महिलाएं भी शामिल हैं.

दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान मोबाइल, चेन और पर्स स्नैचिंग की जा रही  एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से आए इस गिरोह के सदस्य, जिनमें सात पुरुष भी शामिल हैं, दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान मोबाइल फोन, चेन और पर्स स्नैचिंग जैसे अपराधों को अंजाम देने के लिए सोमवार को यहां आए थे. इन सभी ने चेन छीनने समेत तमाम तरह की वारदातों को अंजाम दिया. कालीबाड़ी मंदिर के पास हुई एक चेन छिनैती की घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो महिलाओं के बारे में जानकारी मिली. पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

बिष्टुपुर थाने के प्रभारी ने बताया कि दोनों महिलाओं से सख्ती से पूछताछ की गई. पहले तो वे बातों को गोलमोल करती रहीं, लेकिन मामला गरम होता देख उन्होंने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में एक-एक कर जानकारी देना शुरू कर दिया. अधिकारी ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान दोनों महिलाएं टूट गईं और उन्होंने पुलिस को बताया कि वे एक ऐसे गिरोह का हिस्सा थीं जो पूजा उत्सव के दौरान अपराध करने के लिए जुगसलाई आए थे.

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को अन्य सदस्यों के शामिल होने की बात पता चलते ही एक तलाशी अभियान शुरू किया गया. पुलिस की एक टीम जुगसलाई पहुंची और सात पुरुषों समेत 31 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सदस्य शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाते थे और मोबाइल फोन, चेन और पर्स छीन लेते थे. 

यह भी पढ़े: विजयदशमी पर रावण दहन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हुए शामिल