बलिया-छपरा रेल खंड पर हुई भारी बारिश के कारण दलछपर

बलिया-छपरा रेल खंड ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से 11 ट्रेनें रोकनी पड़ी

बलिया। छपरा-बलिया रेल खंड पर भारी बारिश के कारण कई जगह रेल ट्रैक धसने से करीब साढ़े पांच घंटे रेल यातायात ठप रहा। इसके अलावा, पूरे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था ठप हो गई जो रविवार की सुबह तक ठीक नहीं हो सकी। उधर, बैरिया क्षेत्र में जमालपुर, जवाहर टोला, जमालपुर-करमानपुर मार्ग बह जाने की वजह से छह गांव घिर गए। यह मार्ग अभी हाल में ही बना था। 

रेलमार्ग पर ट्रैक धंसने से दलछपरा हॉल्ट, बकुल्हा व मांझी घाट के पास रेलकर्मियों को काफी मशक्क करनी पड़ी। करीब साढ़े पांच घंटे बाद रेल यातायात शुरू हो सका। छपरा व बलिया से पहुंची इंजीनियरों व मजदूरों की टीम ने 11.30 बजे सुरेमनपुर स्टेशन पर खड़ी सियालदह एक्सप्रेस अप को बलिया के लिए रवाना किया गया। उसके बाद अन्य ट्रेनें रवाना हुईं।

इस दौरान अप सियालदह एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र मेमो सहित सात अप ट्रेनें व डाउन की उत्सर्ग एक्सप्रेस, लखनऊ- छपरा एक्सप्रेस, सेनानी एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों का नियंत्रित कर संचालन किया गया। डीआरएम टीम के साथ मौके पर पहुंच मरम्मत कार्यों को देखा और आवश्यक निर्देश दिए। ट्रेनों के विलंब होने से बलिया, सहतवार सहित अन्य स्टेशनों पर सैकड़ों यात्री घंटों ट्रेनों के इंतजार में बैठे रहे। आसपास से यात्री बस व जीप से गंतव्य के लिए रवाना हुए। जनपद में 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बीच सुरेमनपुर-रेवती स्टेशन के बीच दल छपरा हॉल्ट के पूर्वी छोर पर रेलवे ट्रैक पर तीन जगह शुक्रवार की रात में मिट्टी व धंस गई। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने देखा तो दौड़कर कीमैन विजय यादव को सूचना दी। विजय ने तत्काल रेलवे ट्रैक पर लाल झंडा गाड़ दिया और सुरेमनपुर स्टेशन मास्टर दीपक सिंह को सूचना दी। उन्होंने बलिया के लिए रवाना हो रही सियालदह को रोक दिया और कंट्रोल रूम को खबर दी।

कंट्रोल रूम की सूचना पर दोनों तरफ की करीब छह ट्रेनों को नजदीकी स्टेशनों पर रोक दिया गया। छपरा व बलिया से इंजीनियर व मजदूरों की टीम मौके पर पहुंची। मिट्टी व गिट्टी डालकर मरम्मत की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण करीब आठ फीट ट्रैक की मिट्टी व गिट्टी धंस गई। इसी ट्रैक से रात में अप सेनानी एक्सप्रेस गुजरी है।