रावण दहन के लिए मोरहाबादी मैदान तैयार: 70 फीट का रावण, भव्य आतिशबाजी का इंतज़ाम
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: राजधानी रांची का ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान विजयादशमी के अवसर पर एक बार फिर भव्य रावण दहन का साक्षी बनने जा रहा है. दशकों से चली आ रही इस परंपरा को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर है. आयोजन समिति ने तैयारियों को लगभग अंतिम रूप दे दिया है. मैदान में लगातार मंच, सुरक्षा, लाइटिंग और झांकियों की सजावट का कार्य जारी है.
विशालकाय पुतले आकर्षण का केंद्र इस बार भी मैदान में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशाल पुतले तैयार किए गए हैं. रावण का पुतला 70 फीट, कुंभकरण का 65 फीट और मेघनाद का 60 फीट ऊंचा होगा. इन पुतलों को देखने के लिए आसपास के जिलों से भी लोग पहुंचेंगे. आयोजनकर्ताओं का कहना है कि इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में अत्याधुनिक तकनीक से आतिशबाजी और विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, जो दर्शकों के लिए रोमांचक अनुभव होगा.
धार्मिक आस्था और सामाजिक संदेश रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. यही वजह है कि लोग परिवार सहित इस आयोजन को देखने आते हैं. आतिशबाजी, झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बच्चों और युवाओं के लिए खास आकर्षण का विषय होंगी. आयोजन समिति का मानना है कि इस पर्व के जरिए समाज को बुराइयों से दूर रहने और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश मिलता है.