ऐतिहासिक राजकीय मुड़मा जतरा में कृषि , पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का संबोधन
न्यूज11 भारत रांची/डेस्कः- दो दिवसीय ऐतिहासिक राजी पाड़हा मुड़मा जतरा का आगाज हो चुका है . शक्ति खूंटा स्थल पर विधि विधान से पूजा अर्चना एवं जल अर्पित करने के साथ देश भर से आए लोग जतरा में शामिल हुए . मुड़मा जतरा मेला को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ये हमारे लिए गौरव का क्षण है कि हम सभी अपने पूर्वजों की विरासत को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का काम कर रहें है . हमारा देश विविधताओं का देश है , जहां कुछ ही दूरी पर रहन - सहन , खान - पान, बोली - भाषा बदल जाती है .उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति , हमारी सभ्यता , हमारी परंपरा सबसे अलग है . रोहतासगढ़ से जब उरांव समाज के लोग यहां पहुंचे , तब मुंडा समाज के लोगों ने उन्हें यहां बसाने का काम किया . कृषि मंत्री ने कहा कि मुड़मा वो ऐतिहासिक स्थल है जो मुंडा और उरांव समाज के मिलन और समागम के लिए जाना जाता है . आदिवासी - मूलवासी समाज के सहयोग से लगने वाला ये जतरा साधारण जतरा नहीं है . ये पुरखों की पहचान , सामूहिकता , एकता के साथ भाईचारगी के विश्वास को बनाए रखने का जतरा भी है . राजकीय मुड़मा जतरा के प्रति आस्था एवं ख्याति हमेशा बनी रहे , इस दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी रहेगा .
ये भी पढ़ेंः- IAS विनय चौबे CO अलका कुमारी को ऑफिस बुलाकर कराया था जमीन की दाखिल खारिज